राजगढ़ः महिला की मौत के तीन महीने बाद लीलावती अस्पताल सील, जांच में मिली गंभीर अनियमितताएं

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः महिला की मौत के तीन महीने बाद लीलावती अस्पताल सील, जांच में मिली गंभीर अनियमितताएं


राजगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में महिला मरीज की मौत के करीब तीन महीने बाद प्रशासन ने मंगलवार देर शाम लीलावती अस्पताल को सील कर दिया है।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत इलाज और लापरवाही के आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार कुछ माह पहले पेट दर्द की शिकायत पर एक महिला को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सीएमएचओ, कलेक्टर और एसडीएम को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद सीएमएचओ डॉ. शेख जलालुद्दीन के निर्देश पर सीबीएमओ आरके अहिरवार की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में मानक के अनुसार स्टाफ और पर्याप्त संसाधन नहीं मिले। ऑपरेशन थिएटर (ओटी), वार्ड और दवाओं के रखरखाव में भी खामियां पाई गईं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से विभाग को उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और जानकारियों में भी अंतर मिला।

जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल सील करने का निर्णय लिया गया ।कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुनीता देहरवाल, थाना प्रभारी गुंजा सोलंकी, एसआई अभय सिंह और बीएमओ आरके अहिरवार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story