शाजापुरः पूर्व प्राचार्य की लापरवाही से लॉ कॉलेज पर लगा दो लाख का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
शाजापुरः पूर्व प्राचार्य की लापरवाही से लॉ कॉलेज पर लगा दो लाख का जुर्माना


शाजापुर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर में स्थानीय शासकीय विधि महाविद्यालय को पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार कनेरिया की लापरवाही के कारण दो लाख रुपये की पेनल्टी भरनी पड़ी है। यह पेनल्टी सत्र 2026-27 के लिए बार काउंसिल आफ इंडिया (बीसीआई) को संबद्धता शुल्क निर्धारित समय सीमा में जमा न करने के कारण लगाई गई है।

उनका स्थानांतरण होने के कारण प्राचार्य कक्ष में ताला लगा था और किसी को प्रभार भी नहीं मिला था। जिसके चलते शुल्क जमा करने में देरी हुई।

दरअसल डॉ. कनेरिया का स्थानांतरण हरदा हो गया था और वे प्राचार्या कक्ष में ताला लगाकर चले गए थे। नवीन प्रभारी प्राचार्य मनोहर सिंह मेवाड़ा ने पदभार संभालने के बाद बीसीआई से संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि विलंब के कारण महाविद्यालय को दो लाख रुपये की पेनल्टी जमा करनी होगी, अन्यथा संबद्धता नहीं मिलेगी और नए प्रवेश प्रभावित होंगे। इसके बाद जब जनभागीदारी खाता देखा गया तो उसमें भी पर्याप्त राशि न होने के कारण बीकेएसएन अग्रणी महाविद्यालय से आर्थिक सहायता लेकर यह पेनल्टी जमा की गई।

पांच सदस्यों की उपस्थिति में खोला ताला, गायब मिली सामग्रीप्रभारी प्राचार्य मनोहर सिंह मेवाड़ा ने शनिवार को बताया कि पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार कनेरिया स्थानांतरण के समय प्राचार्य कक्ष पर ताला लगाकर चले गए थे। जिनसे कई बार संपर्क करने के बावजूद कक्ष की चाबी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर नियमानुसार प्राचार्य कक्ष का ताला खुलवाया। कक्ष खुलने के बाद महाविद्यालय की सामग्री का सत्यापन किया गया। जांच में कान्फ्रेंस हाल का ब्लूटूथ, कुछ सीसीटीवी कैमरे और एक फुट मसाज किट अनुपलब्ध पाए जाने का दावा किया गया है।

प्रभारी प्राचार्य का कहना है कि सामग्री का विधिवत हस्तांतरण न होने से महाविद्यालय के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मंगल नाहर

Share this story