संपत्तिकर में छह प्रतिशत छूट का अंतिम मौका, रविवार को भी खुले रहेंगे निगम के जोन और वार्ड कार्यालय
भोपाल, 29 अगस्त (हि.स.)। भोपाल नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के संपत्तिकर पर दी जा रही छह प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ लेने के लिए अब केवल दो दिन शेष हैं। करदाताओं की सुविधा को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने रविवार, 30 अगस्त को अवकाश के दिन भी सभी जोन एवं वार्ड कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया है।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार और सोमवार को अपने संपत्तिकर सहित अन्य करों एवं शुल्कों का भुगतान कर छह प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ उठाएं। करदाता निगम के किसी भी वार्ड कार्यालय में कर जमा करने के साथ ही निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने राजस्व अमले को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक करदाताओं तक संपत्तिकर में दी जा रही विशेष छूट की जानकारी पहुंचाई जाए और उन्हें समय सीमा के भीतर कर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए।
निगम प्रशासन के अनुसार, रविवार को सभी जोन एवं वार्ड कार्यालय खुले रहने से नागरिकों को अवकाश के दिन भी कर जमा करने की सुविधा मिलेगी। निगम ने करदाताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया संपत्तिकर का समय पर भुगतान कर छूट का लाभ उठाएं तथा शहर के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

