स्वामित्व योजना के तहत 50 लाख हितग्राहियों के भू-अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री होगीः मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
स्वामित्व योजना के तहत 50 लाख हितग्राहियों के भू-अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री होगीः मुख्यमंत्री


स्वामित्व योजना के तहत 50 लाख हितग्राहियों के भू-अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री होगीः मुख्यमंत्री


आगरमालवा, 13 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगरमालवा में कहा कि देश में मध्य प्रदेश ही पहला एक मात्र राज्य है, जहां 17 सितम्बर से स्वामित्व योजना के तहत् 50 लाख भू-अधिकार पट्टाधारियों को उनके स्वामित्व की निःशुल्क रजिस्ट्री करवाई जा रही है। जिससे उन्हें पट्टे की जमीन का मालिकाना हक मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की लाडली बहनें लाभ लेने वाली नहीं बल्कि लाभ कमाने वाली बन रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, महिला, युवा और गरीब कल्याण के साथ ही किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस मौके पर आगरमालवा जिले में 255 करोड़ के विभिन्न 50 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। साथ ही लाडली लक्ष्मी योजना के तहत् दो लाडली लक्ष्मीयों को लाभ पत्र भी प्रदान किये और नन्हीं लाडली लक्ष्मियों को दुलार भी किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीक स्वरूप हितलाभ एवं चैक भी वितरित किये।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश में प्रमुख धार्मिक स्थलों के निरंतर विकास एवं श्रृद्धालुओं के लिये सुविधाओं के विस्तार के कारण प्रदेश में धार्मिक पर्यटक एवं श्रृद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है जिससे धार्मिक पर्यटन को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुगम परिवहन के लिये गांव-गांव एवं पंचायतों में बसें प्रारंभ की गई है। वर्ष 2030 तक प्रदेशभर में 15 हजार बसें और चलाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 17 सितम्बर को प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर अपने-अपने घरों पर दीये जलाकर दीपावली मनाने का आव्हान् करते हुए मंच से उपस्थितजनों और सभी लाभार्थियों से 17 सितम्बर को प्रधानमंत्रीजी के जन्मदिन पर हर घर पर दीये जलाकर सभी को दिपावली मनाने का संकल्प भी दिलाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगरमालवा जिले में निरंतर औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। लगभग 400 करोड़ के निवेश से आगरमालवा में नई औद्योगिक इकाई का काम भी प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चुनिंदा शहरों में विधि महाविद्यालय है, सरकार ने आगरमालवा को भी विधि महाविद्यालय सौगात दी है, इससे कानून की पढ़ाई करने वाले छात्रों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अतिथियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदर्शित उत्पादों एवं सामग्री के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने लाडली लक्ष्मी श्रेया और अंजली को अपने हाथों से झूला भी झुलाया। लाडली लक्ष्मीयों ने तिलक लगाकर मुख्यमंत्रीजी का स्वागत् किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने हाथों से लाडली लक्ष्मी श्रेया एवं अंजली को मिठाई भी खिलाई। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नागरसिंह चैहान, सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी, विधायक मधु गेहलोत, विधायक सुसनेर भेरूसिंह परिहार, जिपं अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई चैहान, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल ने पुष्प गुच्छ भेंटकर एवं बड़ी माला पहनाकर तथा जिले की ओर से बाबा बैजनाथ महादेव एवं माँ बगुलामुखी की तस्वीर भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम को सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी, प्रभारी मंत्री नागर सिंह चैहान, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय विधायक मधु गेहलोत ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story