लाल परेड ग्राउंड राजनीतिक आयोजनों के लिए पहले भी दिया गया, तो कांग्रेस को क्यों नहीं? : मुकेश नायक

WhatsApp Channel Join Now
लाल परेड ग्राउंड राजनीतिक आयोजनों के लिए पहले भी दिया गया, तो कांग्रेस को क्यों नहीं? : मुकेश नायक


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। आगामी 12 दिसंबर 2026 को भोपाल में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च के आयोजन स्थल को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने लाल परेड ग्राउंड आवंटित करने की मांग की है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार काे पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला को ज्ञापन सौंपा और आयोजन के लिए सात दिन पहले मैदान उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि लाल परेड ग्राउंड पहले भी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराया जाता रहा है। पिछले तीन-चार महीनों में भी यहां राजनीतिक आयोजन हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए मैदान उपलब्ध कराने में क्या आपत्ति है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भी समान रूप से लाल परेड ग्राउंड उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

मुकेश नायक ने बताया कि 12 दिसंबर को होने वाले संविधान रक्षा मार्च में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, उत्तर प्रदेश के प्रमुख गठबंधन नेता अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित देश के विभिन्न राज्यों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। कांग्रेस का अनुमान है कि इस आयोजन में एक से डेढ़ लाख लोग पहुंच सकते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता को देखते हुए लाल परेड ग्राउंड को आयोजन के लिए उपयुक्त स्थल बताते हुए इसकी मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रशासन के निर्णय का इंतजार कर रही है। हालांकि, आयोजन स्थल को लेकर लगातार असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इससे तैयारियों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि भोपाल में भी इंदौर की तरह आयोजन को लेकर व्यवधान उत्पन्न हो सकते हैं। नायक ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि प्रशासन समय रहते स्थल को लेकर स्थिति स्पष्ट करे, ताकि आयोजन की तैयारियां प्रभावित न हों।

नायक के मुताबिक, इतने बड़े कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए कम से कम सात दिन का समय जरूरी है। मैदान मिलने के बाद डोम, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जानी हैं। इसलिए प्रशासन से आग्रह किया गया है कि कार्यक्रम से सात दिन पहले मैदान आवंटित किया जाए, जिससे सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी है कि कार्यक्रम की अनुमति की प्रक्रिया यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के समन्वय से पूरी की जाती है। आवेदन पुलिस मुख्यालय के माध्यम से नियमानुसार सातवीं बटालियन को भेजा जाएगा। उन्होंने आज या कल फोन के माध्यम से आवेदन पर लिए जाने वाले निर्णय की जानकारी देने की बात कही है।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रवक्ता विक्रम चौधरी, अभिनव बरोलिया, प्रवीण ढोलपुरे और जिला संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story