उज्जैन : महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, किए दर्शन
उज्जैन, 26 फरवरी (हि.स.)। मेवाड़ के शाही परिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने बुधवार को महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। दर्शन उपरांत उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मंदिर में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और पुण्य की अनुभूति हुई। उन्होंने भगवान से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि उज्जैन में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उज्जैन की तस्वीर बदली है।
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

