सागर बनेगा वॉटर स्पोर्ट्स हब: लाखा बंजारा झील किनारे आधुनिक बोट क्लब अंतिम चरण में

WhatsApp Channel Join Now
सागर बनेगा वॉटर स्पोर्ट्स हब: लाखा बंजारा झील किनारे आधुनिक बोट क्लब अंतिम चरण में


सागर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश का सागर शहर जल्द ही वॉटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में नई पहचान बनाने जा रहा है। शहर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील के किनारे संजय ड्राइव पर मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक बोट क्लब का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने रविवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भवन का ढांचा तैयार हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

परियोजना के तहत झील में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए फ्लोटिंग जेटी का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, युवाओं और खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। भवन के प्रथम तल पर आकर्षक बटरफ्लाई डिजाइन शेड तैयार किया गया है, जहां से पर्यटक झील के सुंदर दृश्य का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा खेल प्रतियोगिताओं के दौरान निर्णायकों के बैठने के लिए विशेष दीर्घा भी बनाई गई है।

विधायक जैन ने कहा कि इस बोट क्लब का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सागर के स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने बताया कि यहां युवाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे वॉटर स्पोर्ट्स में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण एजेंसी को शेष कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परिसर के मुख्य गेट का सौंदर्यीकरण और फ्लोरिंग का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है।

इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद सागर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story