संसाधनों की कमी से किसी खिलाड़ी का भविष्य अधूरा नहीं रहने देंगे : मानसिंह यादव

WhatsApp Channel Join Now
संसाधनों की कमी से किसी खिलाड़ी का भविष्य अधूरा नहीं रहने देंगे : मानसिंह यादव


29 अगस्त को होगा ‘मुख्यमंत्री हॉकी कप’ एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष करेंगे शुभारंभ

भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी खेल प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश संयोजक मानसिंह यादव ने बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसाधनों की कमी सबसे बड़ी बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल प्रकोष्ठ खिलाड़ियों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी सेतु के रूप में काम करेगा।

मानसिंह यादव ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महानायक मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को भोपाल के अरेरा क्लब के पास स्थित ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में ‘मुख्यमंत्री हॉकी कप’ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश की चार सर्वश्रेष्ठ पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों के बीच मुकाबले होंगे। हॉकी के मुकाबले सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल करेंगे। शुभारंभ अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी एवं राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण एवं पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से देश की प्रतिभाशाली युवा खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और कम उम्र में ही उनकी पहचान कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया था। इसी दिशा में खेल प्रकोष्ठ प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य करेगा।

प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी होंगे सम्मानित

मानसिंह यादव ने बताया कि 29 अगस्त को शाम 6 बजे अपेक्स बैंक समन्वय भवन, न्यू मार्केट, भोपाल में खिलाड़ी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों एवं खेल गुरुओं का सम्मान किया जाएगा।

समारोह में केंद्र सरकार के खेल रत्न, द्रोणाचार्य एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के साथ प्रदेश सरकार के विश्वामित्र, विक्रम एवं एकलव्य पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले तथा राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

‘मैं खुद संसाधनों के अभाव में अधूरा खिलाड़ी रह गया’

पत्रकार-वार्ता में मानसिंह यादव ने अपने खेल जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैं खुद भी एक खिलाड़ी रहा हूं, लेकिन बहुत बड़ा खिलाड़ी नहीं बन पाया। मैं एक आधा-अधूरा खिलाड़ी बनकर रह गया और ऐसा सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि मुझे सही संसाधन नहीं मिल सके।” उन्होंने कहा कि यदि उन्हें समय पर आवश्यक सुविधाएं और संसाधन मिलते तो संभव है कि वे भी खेल के क्षेत्र में बड़े मुकाम तक पहुंचते। अपने इसी अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब उनका प्रयास रहेगा कि प्रदेश के किसी भी उभरते खिलाड़ी का भविष्य केवल संसाधनों के अभाव में अधूरा न रह जाए।

खिलाड़ियों और सरकार के बीच सेतु बनेगा खेल प्रकोष्ठ

मानसिंह यादव ने कहा कि खेल प्रकोष्ठ खिलाड़ियों की बुनियादी जरूरतों और समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के साथ ही सरकार की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र खिलाड़ियों तक पहुंचाने में समन्वय की भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार सरकार की नीतियां और सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद उनकी जानकारी या लाभ खिलाड़ियों तक समय पर नहीं पहुंच पाता। खेल प्रकोष्ठ इस अंतर को दूर करने का प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के साथ हुई परिचयात्मक बैठक में भी खिलाड़ियों और व्यवस्था के बीच बेहतर एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करने को लेकर चर्चा हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story