राजगढ़ः ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता के विरोध में कृषि विस्तार अधिकारी कलमबंद हड़ताल पर, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कृषि विभाग के कर्मचारियों ने ई-एचआरएमएस प्रणाली में ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता के विरोध में सोमवार से चार दिवसीय कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी।
मध्य प्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ की जिला इकाई के आह्वान पर जिलेभर के कृषि विस्तार अधिकारियों ने उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से काम का बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम राजगढ़ को ज्ञापन भी सौंपा।
संघ के अनुसार आंदोलन 17 से 20 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कृषि विस्तार अधिकारी ऑनलाइन ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं करेंगे और ऑफलाइन उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्य बहिष्कार करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि कृषि विस्तार अधिकारियों का अधिकांश काम मैदानी और भ्रमण आधारित होता है। ऐसे में ई-अटेंडेंस की व्यवस्था उनके कार्य की प्रकृति के अनुरूप नहीं है।
संघ ने ई-एचआरएमएस में ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की है। इसके अलावा कृषि विस्तार अधिकारियों को 2500 रुपए का डीडीपी-पे लाभ देने तथा अतिरिक्त केंद्र का दायित्व संभालने वाले अधिकारियों का भत्ता 900 रुपए से बढ़ाकर 7 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग रखी गई है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। हड़ताल के दौरान अनुशासन बनाए रखते हुए प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। कर्मचारियों ने बताया कि वे पूर्व में भी अटेंडेंस प्रणाली के विरोध में अपनी आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। इस दौरान जिला अध्यक्ष दीपक वर्मा, जिला महामंत्री सचिन परमार, जिला उपाध्यक्ष राकेश परमार, आकांक्षा गुप्ते, लितिका तिवारी, योगेश त्यागी, अजयपाल परमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

