शिवपुरी: नकली लिक्विड यूरिया बना रही फैक्ट्री पर कोतवाली पुलिस का छापा, मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी: नकली लिक्विड यूरिया बना रही फैक्ट्री पर कोतवाली पुलिस का छापा, मामला दर्ज


शिवपुरी, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में सिकंदरा बैरियर के पास एक फार्म हाउस पर चल रही नकली लिक्विड यूरिया बनाने वाली फैक्ट्री पर शुक्रवार देर रात कोतवाली पुलिस ने छापा मार दिया। जिसमें बड़ी मात्रा में नकली लिक्विड यूरिया के अलावा उसे बनाने का मटेरियल एवं अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि फैक्ट्री संचालक अपने फार्म हाउस पर यह काम बरसों से कर रहा था।

शनिवार को दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाह ने बताया कि सिकंदरा बैरियर पर स्थित भगवती ढाबा के संचालक आनंद यादव का ढाबे के पीछे ही फार्म हाउस है। जिसमें पहले वो आरओ वाटर प्लांट लगाए हुए था। उसके बाद उसने उस प्लांट की जगह नकली लिक्विड यूरिया बनाकर उसकी सप्लाई अपने ढाबे से करना शुरू कर दिया। सूत्रों की मानें तो आनंद इस गोरखधंधे में बड़ी मात्रा में लिक्विड यूरिया खपा रहा था।

ज्ञात रहे कि अब जो नई बड़ी गाड़ियों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए लिक्विड यूरिया की डिमांड होती है। यह यूरिया टाटा एवं अन्य कंपनियां बनाती हैं, जो लग्जरी यात्री बसों के अलावा बड़े तर्कों एवं कंटेनर में भी उपयोग किया जाता है। चूंकि दिनारा के सिकन्दरा बैरियर पर ही आनंद का ढाबा है, इसलिए वो इस नकली लिक्विड यूरिया को बड़ी मात्रा में आसानी से खपा रहा था।

महत्वपूर्ण बात यह है कि दिनारा में बरसों से यह फैक्ट्री संचालित होती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, जबकि कोतवाली से गए एसआई अरविंद छारी ने अपनी टीम के साथ छापा मारकर उक्त फैक्ट्री को पकड़ लिया। दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाह का कहना है कि रात में हमें सूचना मिलते ही हम में फोर्स के तत्काल मौके पर पहुंच गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story