भोपाल: कोलार में कांग्रेस सेवादल की प्रभात फेरी, ध्वज वंदन के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: कोलार में कांग्रेस सेवादल की प्रभात फेरी, ध्वज वंदन के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे


भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा प्रदेशभर में आयोजित की जा रही प्रभात फेरी एवं ध्वज वंदन कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार को राजधानी भाेपाल के कोलार क्षेत्र में एक भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अवनीश भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति में सर्वधर्म से बीमा कुंज तक उत्साहपूर्ण प्रभात फेरी निकाली गई।

यह आयोजन भोपाल जिला कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक निहाल अहमद के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रभात फेरी में कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर कार्यक्रम को जनउत्सव का रूप दे दिया। फेरी के दौरान देशभक्ति के नारों और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े संदेशों से पूरे क्षेत्र में जनजागरण का माहौल देखने को मिला।

प्रभात फेरी का समापन बीमा कुंज चौराहे पर ध्वज वंदन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने कहा कि कांग्रेस सेवादल संगठन देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण की भावना और अधिक प्रबल होती है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण श्रीवास्तव, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल राठौर, मुईन अहमद सिद्दीकी सहित कांग्रेस सेवादल एवं कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story