राजगढ़ः बस स्टैंड पर फैक्ट्री कर्मियों में विवाद, साथी ने चाकू से किए 6 वार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बस स्टैंड पर फैक्ट्री कर्मियों में विवाद, साथी ने चाकू से किए 6 वार


राजगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर बस स्टैंड पर फैक्ट्री में साथ काम करने वाले दो कर्मचारियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घायल कर्मचारी के पेट, पीठ, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए कुरावर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घायल गोरेलाल (50) पुत्र लक्ष्मीप्रसाद, निवासी अजयगढ़ हाल मुकाम पीलूखेड़ी, ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह सोमवार रात कुरावर बस स्टैंड पर खड़ा था। इसी दौरान उसके साथ पीलूखेड़ी स्थित ओसवाल फैक्ट्री में काम करने वाला अविनेश पुत्र संतोष अहिरवार, निवासी दमोह, वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपित ने चाकू निकालकर उस पर लगातार पांच से छह वार कर दिए। हमले में गोरेलाल के पेट, पीठ, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही फैक्ट्री में कार्यरत हैं, लेकिन विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कुरावर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और जांच के बाद विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story