श्योपुरः ओलावृष्टि के बाद कांग्रेस ने निकाली न्याय यात्रा, मुआवजे की मांग को लेकर लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
श्योपुरः ओलावृष्टि के बाद कांग्रेस ने निकाली न्याय यात्रा, मुआवजे की मांग को लेकर लगाया जाम


श्योपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में हुई भीषण ओलावृष्टि के बाद कई किसानों के खेतों में गेहूं की सफलों की जगह सिर्फ डंठल ही शेष बचे हैं। ओलावृष्टि से जहां अन्नदाता पूरी तरह से टूट चुका है, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने किसानों के नुकसान को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया हैं।

सोमवार को ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों के मुआवजा की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा न सिर्फ किसान न्याय यात्रा निकाली गई, बल्कि कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने अर्द्धनग्न होकर सर्वे कार्य में बरती जा रही लापरवाही का विरोध भी किया। साथ ही सड़क पर करीब 20 मिनट के लिये जाम लगा दिया। इसके बाद सभी कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट पर एकत्रित होेने के बाद एक ज्ञापन भी जिलाधीश अर्पित वर्मा के नाम मुख्यमंत्री को सौंपा है।

मालूम हो कि, शनिवार को जिले में हुई भीषण ओलावृद्धि से कई किसान पूरी तरह से टूट चुके हैं। बगडुगा सहित कई गांवों में जिन खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी थी, वहां गेहूं की बालियां टूटकर मिट्टी में मिल चुकी है और खेत में सिर्फ गेहूं के डंठल खड़े हैं। सोमवार को जिला कांग्रेस द्वारा नगर के पटेल चौक से किसान न्याय यात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पर पहुंची। कलेक्ट्रेट के सामने कांग्रेसियों ने अर्द्धनग्न होकर विरोध जताया। कांग्रेसियों का आरोप है कि ओलावृष्टि होने के बाद भी अब तक सर्वे दल किसानों के खेतों तक नहीं पहुंचा है। सरकार और प्रशासन किसानों के नुकसान को लेकर कतई गंभीर नहीं है।

इस दौरान जिलाधीश अर्पित वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए दो दिवस में नष्ट हुई फसल का सर्वे कर पंचायत में दावे आपत्ति चस्पा किये जाने, किसानों को प्रति बीद्या 25 हजार मुआवजा राशि दिये जाने, किसानों को बीमा क्लेम दिलाये जाने, केसीसी एवं खाद-बीज ऋण सहित पंप एवं घरेलू बिजली कनेक्शन पर बकाया ऋण माफ किये जाने, प्रभावित किसानों को खाद्यान्न पर्ची बनाकर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस अवसर पर कांग्रेस विधायक बाबू जण्डेल, पूर्व विधायक नीटू सिकरवार, जिलाध्यक्ष मांगीलाल फौजी, कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष दिनेश सिंह सिकरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। इस दौरान 35 गांवों की चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को लेकर 11 सूत्रीय मांगों के साथ ज्ञापन सौंपा गया।

जिलाधीश से मिला भाजपा का प्रतिनिधि मंडलओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान को लेकर सोमवार को भाजपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधीश अर्पित वर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल द्वारा किसानों के नुकसान हुए फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा राशि का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने एवं बीमा कंपनियों से बीमा लाभ दिलाये जाने की मांग रखी गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर सिंह, सुरेन्द्र जाट, रामलखन नापाखेड़ली आदि मौजूद रहे।

ओलावृष्टि से इन गांवों में हुआ नुकसानशनिवार को तेज आंधी-तूफान के साथ हुई ओलावृष्टि से बगडुआ, भोगिका, जावदेश्वर, चौपना, मेवाड़ा, बहरावदा, सरोदा, चीमलका, सोई, शंकरपुर, कोटरा, जैनी, आवनी जवासा, मानपुर, दांतरदा, सामरसा, बिचपुरी, लेहचौड़ा, बनवाडा, करीरिया, सीसवाली, रामबड़ौदा, सौंठवा, दलारना, किरपुरिया, अडूसा, साडा का पाड़ा, के साथ मानपुर क्षेत्र के हीरापुर, गोठरा, क्यारपुरा, फुल्दा, लाडपुरा, धीरोली, माकड़ोद, बगदिया, ढोढर सहित श्योपुर तहसील के दो दर्जन से अधिक गांवों एवं कराहल व विजयपुर के कई गांवों में ओलावृष्टि से गेहूं की फसलों को नुकसान हुआ है।

किसान संघ ने तहसीलदारों को सौंपा ज्ञापन

क्षेत्र में ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों के मुआवजा बीमा की राशि एवं कर्ज माफी के साथ ही गेहूं की सरकारी खरीद चालू करने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र चौधरी के आह्वान पर सोमवार को सभी तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपे गये। इस दौरान किसान संघ द्वारा कराहल तहसीलदार रोशनी शेख, श्योपुर तहसीलदार मनीषा मिश्रा और बड़ौदा तहसीदार को ज्ञापन दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान संघ के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्‍णव

Share this story