45 डिग्री तापमान में फूटा किसानों का गुस्सा, अव्यवस्थाओं को लेकर जमकर हंगामा
जबलपुर, 22 मई (हि.स.)। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में सैकड़ों गांवों के किसान गेहूं उपार्जन में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बदहाली के खिलाफ शुक्रवार को किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय के समीप स्थित घंटाघर पहुंचकर अपना रोष व्यक्त करते हुए दो घंटे तक जबरदस्त प्रदर्शन किया।
45 डिग्री के तापमान में किसानों के गुस्से का पारा चढ़ा दिखा और उन्होंने सरकार व प्रशासन को स्लॉट बुकिंग न होने, खरीदी केंद्रों पर वारदाने की कमी, पानी व छाया का इंतजाम न होने जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर जमकर कोसा।
प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने प्रशासन व सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उपार्जन अव्यवस्था के चलते यदि जिले के चौदह हजार किसान स्लॉट बुकिंग व उपार्जन से वंचित होते हैं तो सभी किसान कलेक्टर कार्यालय लाकर अपना गेहूं भर देंगे और अपने परिवार सहित अपना डेरा भी वहीं रख देंगे।
मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह को सौंपे ज्ञापन में किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की गेहूं उपार्जन संबंधी बाधाओं को जल्द दूर नहीं किया गया, तो किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
उपार्जन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर द्वारा किसानों को मंडी में फसल बेचने की सलाह देने से किसान खासे नाराज दिखे। जिलाध्यक्ष रामदास पटेल व जिला मंत्री धनंजय पटेल ने बताया कि प्रशासन व्यवस्थाएं बनाने में नाकाम साबित हुआ है। जिसके कारण मंडियों में जाने की सलाह दे रहा है। जहाँ समर्थन मूल्य और बाजार भाव में 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल का बड़ा अंतर है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

