राजगढ़ः गेहूं तौल में देरी होने से गुस्साएं किसानों ने किया हाईवे जाम, समझाइश पर माने

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः गेहूं तौल में देरी होने से गुस्साएं किसानों ने किया हाईवे जाम, समझाइश पर माने


राजगढ़, 16 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला के करनवास थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह किसानों ने गेहूं तौल में लगातार हो रही देरी के विरोध में हंगामा कर दिया। डांगरा वेयरहाउस स्थित खरीदी केन्द्र पर स्लॉट बुक करने के बावजूद तौल न होने से नाराज किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ब्यावरा-पचोर रोड को ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पचोर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

किसानों ने आरोप लगाया कि वे कई दिनों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सर्वर दिक्कतों और धीमी प्रक्रिया के कारण तौल नहीं हो रही थी। इससे उनका धैर्य टूट गया और उन्होंने हाईवे अवरुद्ध कर विरोध जताया। खरीदी केन्द्र प्रबंधक प्रेमसिंह लहरी ने बताया कि केन्द्र पर पाँच तौल कांटे लगातार काम कर रहे थे, लेकिन सर्वर गड़बड़ी के कारण ओटीपी मिलने में देरी हो रही थी। गेहूं तौलकर उसकी पर्ची जारी कर पोर्टल पर जानकारी अपलोड करना आवश्यक होता है, मगर तकनीकी समस्या से प्रक्रिया धीमी हो गई। इसी वजह से कुछ समय के लिए किसानों की तौल प्रभावित हुई। घटनास्थल पचोर से महज तीन किलोमीटर दूरी होने के कारण पचोर थानाप्रभारी शकुंतला बामनिया अपनी टीम के साथ तुरंत पहुंचीं। उन्होंने किसानों से चर्चा कर स्थिति शांत कराई और जाम खुलवाया। पुलिस व प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही तौल प्रक्रिया सामान्य हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story