राजगढ़ः मक्का के कम दाम मिलने पर किसानों का हंगामा, एसडीएम बंगले के सामने किया चक्काजाम
राजगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में बुधवार को मक्का के कम दाम मिलने से नाराज किसानों ने कृषि उपज मंडी में जमकर हंगामा किया। किसानों ने मंडी से बाहर निकलकर एसडीएम बंगले के सामने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान किसान मक्का का भाव 30 रुपये किलो करने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान सड़क से हटकर वापस मंडी पहुंचे, जहां मक्का की दोबारा नीलामी शुरू कराई गई।
किसानों का आरोप था कि मंडी में व्यापारी उनकी मक्का 25 से 26 रुपये किलो के भाव से खरीद रहे हैं, जबकि मंडी के बाहर दुकानों पर यही मक्का 28 रुपए किलो तक बिक रही है। किसानों ने कहा कि व्यापारी मनमाने दाम लगाकर उनका नुकसान कर रहे हैं और उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मक्का का भाव 30 रुपए किलो नहीं मिलेगा, वे सड़क से नहीं हटेंगे। सूचना मिलने पर खिलचीपुर थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद तहसीलदार अनिल शर्मा भी पहुंचे।
किसानों ने अधिकारियों से कहा कि जरूरत पड़ने पर वे 20 दिन तक धरने पर बैठेंगे और कलेक्टर से बात किए बिना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। अधिकारियों ने किसानों को मंडी के अंदर चलकर व्यापारियों से चर्चा करने और मक्का की दोबारा बोली लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद किसान चक्काजाम समाप्त कर मंडी लौट गए।
एसडीएम ज्योति बगबैया ने मंडी पहुंचकर किसानों से चर्चा की और मक्का की नीलामी दोबारा शुरू कराई। खाने की व्यवस्था पर भी उठाए सवाल हंगामे के दौरान किसानों ने मंडी में मुख्यमंत्री किसान भोजन योजना के तहत पांच रुपए में मिलने वाले भोजन की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। किसानों ने प्रशासन से भोजन व्यवस्था में गड़बड़ी की जांच कराने की मांग की। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

