राजगढ़ः फसलों के दाम को लेकर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, प्रशासनिक अनदेखी पर गधे को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित अंजनीलाल मंदिर परिसर में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के नेतृत्व में किसानों ने फसलों के उचित दाम और मुआवजा जैसी प्रमुख मांगों को लेकर किसान पंचायत आयोजित की।
किसानों ने बताया कि उन्होंने पहले ही संबंधित अधिकारियों को सूचना भेज दी थी, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद एसडीएम या कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। अधिकारियों की इस अनदेखी से नाराज किसानों ने अनोखा तरीका अपनाते हुए प्रतीकात्मक रूप से मौके पर खड़े गधे को अपना ज्ञापन सौंप दिया।
किसानों का कहना है कि यह कदम प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाने के लिए उठाया गया है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राम जगदीश दांगी ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर देश का पेट भरता है,लेकिन अपनी ही फसल का दाम तय करने का अधिकार नहीं रखता।उन्होंने मांग की कि किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य मिले, साथ ही फसल खराब होने पर उचित मुआवजा और खाद-बिजली जैसी सुविधाओं में सुधार किया जाए। इस दौरान संगठन मंत्री केसरसिंह गुर्जर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भगवानसिंह पटेल सहित कई किसान नेता मौजूद रहे। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

