सागर में 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन

WhatsApp Channel Join Now
सागर में 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन


सागर, 25 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 27 अगस्त 2026 को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी आयोजन का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहेगा। सागर जिले में भी दो शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थी, युवा और स्थानीय खेल प्रतिभाएं कार्यक्रम से जुड़ेंगी।

राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतिवर्ष महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों की शुरुआत 27 अगस्त से की जा रही है।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पिछले एक दशक में देश के खेल क्षेत्र में हुए विकास और बदलावों से परिचित कराना है। साथ ही खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव भी लिए जाएंगे।

इन दो संस्थानों में होंगे कार्यक्रम

सागर जिले में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन इन्फिनिटी मैनेजमेंट कॉलेज, सागर और पीएम एक्सीलेंस कॉलेज, मकरोनिया में किया जाएगा। इन्फिनिटी मैनेजमेंट कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद डॉ. लता वानखेड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद दोनों केंद्रों पर स्थानीय खेल प्रतिभाओं और युवा प्रतिनिधियों के साथ विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें पिछले दस वर्षों में देश और प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार, खेल क्षेत्र में हुए आधुनिक बदलाव और नई नीतियों के साथ आगामी ओलंपिक एवं राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर चर्चा होगी।

युवा संवाद में लिए जाएंगे सुझाव

कार्यक्रम के अगले चरण में युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी अपने विचार, अपेक्षाएं और सुझाव साझा करेंगे। युवाओं के नागरिक दायित्व, भविष्य के लिए जरूरी कौशल, स्वयंसेवा तथा माय भारत मंच को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विचार लिए जाएंगे।

कार्यक्रम में माय भारत के स्वयंसेवक भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। युवाओं को मंच पर पंजीयन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उनके सुझावों और विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माण की प्रक्रिया तक पहुंचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story