सागर: खटीक समाज के आराध्य श्री खटवांग महाराज मंगल भवन का भव्य लोकार्पण, विधायक शैलेंद्र जैन ने दी सौगात

WhatsApp Channel Join Now
सागर: खटीक समाज के आराध्य श्री खटवांग महाराज मंगल भवन का भव्य लोकार्पण, विधायक शैलेंद्र जैन ने दी सौगात


सागर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर में शनिवार को धर्मश्री स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड में खटीक समाज के आराध्य श्री खटवांग महाराज के नाम पर नवनिर्मित मंगल भवन का लोकार्पण संपन्न हुआ। लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बने इस भव्य भवन का उद्घाटन सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन खटीक समाज द्वारा अत्यंत उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर रामबाग मंदिर के महंत घनश्याम दास महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं युवाओं ने अतिथियों का पुष्प वर्षा, शॉल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि खटीक समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली है। उन्होंने कहा:खटीक समाज एक पराक्रमी और संघर्षशील समाज है, जिसे इतिहास में उनकी वीरता के कारण 'लड़ाकू समाज' के रूप में पहचान मिली है। रघुवंशी परंपरा से जुड़ा यह समाज राष्ट्र रक्षा में सदैव अग्रणी रहा है। विधायक ने बंगाल के महान क्रांतिकारी गोपाल पाठा के योगदान का विशेष उल्लेख करते हुए युवाओं से अपने महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

विधायक जैन ने विकास कार्यों का विवरण साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री की विशेष निधि से सागर के सभी 48 वार्डों में सामुदायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 16 करोड़ रुपये की विशेष स्वीकृति के साथ नगर के विभिन्न हिस्सों में विकास कार्य जारी हैं। कुल 38 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में मंगल भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इन भवनों के बनने से सभी समाजों को अपने सामाजिक, सांस्कृतिक और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी व आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री और भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि ऐसे सामुदायिक भवनों का निर्माण केवल ईंट-गारे का ढांचा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता को बढ़ावा देने वाले केंद्र हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story