खरगोन में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, 7 घायल

WhatsApp Channel Join Now
खरगोन में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, 7 घायल


खरगोन, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में खंडवा-बड़ौदा स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे स्विफ्ट कार भीकनगांव से खरगोन की ओर जा रही थी। वहीं, ईको कार जुलवानिया से खंडवा की तरफ जा रही थी। बिलाली गांव के पास दोनों कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोगावां थाना प्रभारी और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मदद जुटाते हुए डायल 112 की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story