खंडवा: ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान होटल मैनेजर युवक की डूबने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
खंडवा: ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान होटल मैनेजर युवक की डूबने से मौत, जांच में जुटी पुलिस


खंडवा, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर स्थित गोमुख घाट पर बुधवार को नर्मदा स्नान के दौरान उज्जैन निवासी एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वह अपने साथी के साथ उज्जैन से ओंकारेश्वर दर्शन और स्नान के लिए आया था, जहां दोनों एक होटल में मैनेजर थे। पुलिस मामले को लेकर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। उज्जैन निवासी 22 वर्षीय आकाश रैकवार गोमुख घाट पर नर्मदा नदी में गहरे पानी में जाने से डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक के साथी कुणाल गुर्जर ने बताया कि दोनों उज्जैन के एक ही होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। आकाश ने बुधवार तड़के करीब 3 बजे ओंकारेश्वर जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद दोनों सुबह ओंकारेश्वर पहुँचे थे। गोमुख घाट पर स्नान के दौरान आकाश अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय नाविक, गोताखोर और मौजूद लोग तुरंत हरकत में आए और काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला।

पानी से निकालने के बाद नाविकों और एसडीईआरएफ जवान गणेश की सहायता से आकाश को ममलेश्वर मंदिर क्षेत्र तक लाया गया, जहां से उसे एक टेंपो के जरिए सिविल अस्पताल ओंकारेश्वर पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रवि वर्मा ने परीक्षण के बाद आकाश को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के साथी कुणाल ने स्थानीय प्रशासन और व्यवस्थाओं पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। कुणाल का आरोप है कि काशीविश्वनाथ मंदिर के रास्ते में पाइप बिछाए जाने के कारण टेंपो को लंबा रास्ता बदलकर अस्पताल जाना पड़ा, जिससे काफी महत्वपूर्ण समय बर्बाद हुआ। इसके अलावा उसने आरोप लगाया कि घाट पर मौजूद एसडीईआरएफ जवान ने समय रहते बचाने का प्रयास नहीं किया। हालांकि, प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मांधाता थाना के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सतीश सोहनी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के ओंकारेश्वर पहुंचने के बाद शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story