खंडवा पुलिस की सतर्कता से युवक की बची जान, नर्मदा नदी में डूबते देख आरक्षक ने सुरक्षित बाहर निकाला

WhatsApp Channel Join Now
खंडवा पुलिस की सतर्कता से युवक की बची जान, नर्मदा नदी में डूबते देख आरक्षक ने सुरक्षित बाहर निकाला


भोपाल, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस के जवान ने तत्परता का परिचय देते हुए खंडवा जिले के थाना मान्धाता क्षेत्र स्थित पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूब रहे युवक की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया है।

पुलिस मुख्यालय से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी अभिषेक पिता अशोक नांदेड़ उम्र 29 वर्ष अपने तीन दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आया हुआ था। दर्शन से पूर्व सभी मित्र सुबह नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान सभी युवक अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए। इस दौरान दो युवक तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, किन्तु अभिषेक गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा।

अपने साथी को डूबता देख उसके दोस्तों ने सहायता के लिए जोर-जोर से पुकार लगाई। घाट पर ड्यूटी में तैनात थाना मान्धाता के आरक्षक रवि सोलंकी ने जैसे ही मदद की आवाज सुनी, उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल नर्मदा नदी के गहरे पानी में छलांग लगा दी। कठिन परिस्थितियों और जोखिम के बावजूद आरक्षक रवि सोलंकी ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक अभिषेक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद युवक एवं उसके दोस्तों द्वारा मध्य प्रदेश पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story