खंडवा में पेड़ से टकराई बेकाबू कार, तीन की मौत, एक गंभीर, नागलवाड़ी से हरसूद लौटते समय हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
खंडवा में पेड़ से टकराई बेकाबू कार, तीन की मौत, एक गंभीर, नागलवाड़ी से हरसूद लौटते समय हुआ हादसा


खंडवा, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र की आशापुर चौकी अंतर्गत जोगीबेड़ा के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। नागलवाड़ी से दर्शन कर हरसूद लौट रही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

जानकारी के अनुसार, हरसूद निवासी चार लोग नागलवाड़ी दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद वे कार से वापस हरसूद लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे जोगीबेड़ा के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आशापुर चौकी के हेड कांस्टेबल लोकेश हिरवे, डायल-112 के पायलट दीपेश यादव तथा हरसूद थाने से हेड कांस्टेबल हरिप्रसाद और डायल-112 के पायलट सैयद अली मौके पर पहुंचे। पुलिस और डायल-112 की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल हरसूद अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सिंगाजी कॉलोनी, हरसूद निवासी विष्णु उर्फ भूरा (50) पुत्र गोविंद को मृत घोषित कर दिया। विष्णु उर्फ भूरा हरसूद के फीलगुड चौराहे पर चाय की दुकान चलाते थे। हादसे में रितेश (28) पुत्र वीर सिंह, निवासी औलिया गोदाम के पास, छनेरा हरसूद, रोहित (35), पुत्र मुन्ना यादव, निवासी सिंगाजी कॉलोनी और सूरज सिंह (50) पुत्र हब्बू, निवासी हरसूद घायल हुए थे। तीनों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। इलाज के दौरान इनमें से दो घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर हालत में उपचाररत है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना के बाद आशापुर चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के साथ हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story