खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के भाई ने की आत्महत्या, खेत के कुएं में कूदकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के भाई ने की आत्महत्या, खेत के कुएं में कूदकर दी जान


खंडवा/बुरहानपुर, 22 अप्रैल (हि.स.) । खंडवा संसदीय क्षेत्र से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के परिवार से एक दुखद खबर सामने आई है। उनके छोटे भाई विश्वनाथ उर्फ बाडू पाटिल (58 वर्ष) ने बुधवार तड़के अपने पैतृक ग्राम बोहरडा में आत्मघाती कदम उठाते हुए जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ पाटिल ने बुधवार सुबह करीब 4 बजे खेत के कुएं में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी देवेंद्र पाटीदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के समय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल दिल्ली में थे। छोटे भाई के निधन की सूचना मिलते ही वे तुरंत बुरहानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, बोहरडा स्थित उनके निवास पर सांत्वना देने वालों की भारी भीड़ जुट गई है। नेपानगर विधायक मंजू दादू समेत भाजपा और कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शोक संवेदना व्यक्त करने सांसद निवास पहुंचे। भारी भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

परिजनों के अनुसार, विश्वनाथ पाटिल का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव बोहरडा में किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। एसपी देवेंद्र पाटीदार का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story