खंडवा हाईवे पर ट्रक, बस और कार की तिहरी भिड़ंत, छह यात्री घायल, ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
खंडवा हाईवे पर ट्रक, बस और कार की तिहरी भिड़ंत, छह यात्री घायल, ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा


खंडवा, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के बोरगांव पुलिस चौकी अंतर्गत रुस्तमपुर के पास शनिवार तड़के नेशनल हाईवे पर ट्रक, यात्री बस और कार की तिहरी भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। कार में सवार लोगों को कोई चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार तड़के सुबह करीब तीन बजे हुआ। अमरावती से इंदौर जा रही यात्री बस एनएल-07 बी-0541 नेशनल हाईवे पर ट्रक क्रमांक आरजे-09 जीडी-5953 के पीछे चल रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी अचानक हुई कि बस के पीछे चल रही कार एमएच-20 एचटी-0760 भी बस से जा भिड़ी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही बोरगांव पुलिस, डायल-112, नेशनल हाईवे एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।

बस में करीब 25 यात्री सवार थे। हादसे में बचकलाबाई नामदेवराव खोरे (78), अंबुबाई (70), संजय पाटिल (35), मुरलीधर सुने (24), संजय साहू (26) और अथर्व विकास पाटिल (24) घायल हुए। सभी को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कराया, जबकि ट्रक को जब्त कर बोरगांव पुलिस चौकी लाया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story