धार : किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी : उमंग सिंघार
धार, 07 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी निर्देश पर धार, खंडवा, खरगोन एवं बड़वानी जिले के संयुक्त जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में धार जिले के खलघाट में गुरूवार को 3 घंटे तक किसान आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन, चक्का जाम किया गया। आंदोलन का नेतृत्व मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किया। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लगातार लड़ती रहेगी।
धरना स्थल पर प्रदेश के वरिष्ठ नेता बाला बच्चन, सचिन यादव, हनी बघेल, विजय लक्ष्मी साधो, प्रताप ग्रेवाल, हीरालाल अलावा, श्रीमती झुमाँ सोलंकी, केदार डाबर, मोंटू सोलंकी,राजन मंडलोई, धार जिला अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। सभी नेताओं ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों की फसल समय पर एमएसपी पर नहीं खरीदी गई तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और उग्र करेगी। वही किसानों को फसलों का उचित मूल्य और कर्ज माफी की जावे। भीषण गर्मी के बावजूद हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान, महिलाएं एवं युवा उपस्थित हुए। सभी ने प्रदेश सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

