अनूपपुर: केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत


अनूपपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर विद्यालय की प्रतिष्ठा के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय का परिणाम पुनः शत-प्रतिशत रहा, जो कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय की सुदृढ़ शैक्षिक व्यवस्था का प्रमाण है।

इस वर्ष उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में मान्या त्रिपाठी (96.2%),अनमोल मिश्रा (95.4%),श्रेया मिश्रा (92.6%),शौर्य गर्ग (91.4%),दीप्ति पाण्डेय (90.8%) शामिल हैं, जिन्होंने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष कुल 37 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे जिसमें से 30 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं एवं 23 विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक हासिल किये।

विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि इस सफलता के पीछे नियमित शैक्षिक गतिविधिया, निरंतर अभ्यास तथा समय-समय पर आयोजित उपचारात्मक शिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन किया गया, जिसमें विषय विशेषज्ञों द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, साप्ताहिक टेस्ट, मॉडल पेपर अभ्यास, तथा संदेह निवारण सत्रों ने विद्यार्थियों की तैयारी को और सशक्त बनाया। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, प्रायोगिक गतिविधियाँ, समूह चर्चा, क्विज प्रतियोगिताएँ एवं प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने हेतु योग, ध्यान एवं मोटिवेशनल सत्रों का भी आयोजन किया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। इस स्वर्णिम सफलता पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं अनुपपुर कलेक्टर श्री हर्शल पंचोली ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है। यह परिणाम दर्शाता है कि समर्पण, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story