कटनी: रजरवारा में स्कूली बस को ट्रक ने मारी टक्कर, नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन, 5 घंटे चक्काजाम
कटनी, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील के रजरवारा नंबर-2 गांव में भारी वाहनों की आवाजाही से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर देखने को मिला।
पत्थरों से लदे ट्रकों की आवाजाही और सड़क की खराब स्थिति के विरोध में ग्रामीणों ने सुबह करीब 9 बजे मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पत्थर लदे ट्रक की स्कूली बच्चों से भरी बस से टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे में बच्चे सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और पत्थरों से लदे वाहनों को रोककर आवागमन बंद कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। दोपहर करीब 2 बजे प्रशासनिक अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। ग्रामीण सच्चिदानंद त्रिपाठी के मुताबिक, क्षेत्र की खदानों से पत्थर लेकर निकलने वाले ट्रक ग्रामीण मार्ग से होकर गुजरते हैं। उनका आरोप है कि ईंधन और समय बचाने के लिए चालक इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं, जबकि इस मार्ग पर भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार भारी वाहनों के गुजरने से सड़क की हालत खराब हो रही है। ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क को नुकसान पहुंचने के साथ ही हादसे का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की।
स्कूली बस से टक्कर के बाद बढ़ा आक्रोश
मंगलवार सुबह पत्थरों से लदे ट्रक की स्कूली बस से टक्कर की घटना ने ग्रामीणों की नाराजगी को और बढ़ा दिया। बस में स्कूली बच्चे सवार थे। राहत की बात रही कि हादसे में कोई बच्चा घायल नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि भारी वाहनों की आवाजाही पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर वाहनों का आवागमन रोक दिया।
प्रशासन ने कार्रवाई का दिया भरोसा
चक्काजाम की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। सड़क की वाहन क्षमता और भारी वाहनों की आवाजाही के संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा खनिज विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

