कटनी में कोयला लदी मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरे, रेल लाइन क्षतिग्रस्त; कई ट्रेनें प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
कटनी में कोयला लदी मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरे, रेल लाइन क्षतिग्रस्त; कई ट्रेनें प्रभावित


कटनी, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे जंक्शन के एन.के.जे. (NKJ) क्षेत्र में शनिवार को कोयले से लदी एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के दौरान रेल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कुछ डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए। इस घटना के कारण अप और डाउन दोनों दिशाओं में रेल यातायात प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मालगाड़ी बिलासपुर से वेस्ट बड़ोदरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान एन.के.जे. के ए-केबिन के पास यह दुर्घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लेना शुरू किया।

रेल लाइन को नुकसान पहुंचने के कारण बिलासपुर की ओर आने-जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया है, जबकि कुछ का मार्ग परिवर्तित किया जा रहा है।

कटनी रेल एरिया मैनेजर रोहित सिंह ने बताया कि बिलासपुर रेलखंड से कोयला लेकर वेस्ट बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी की पांच बोगियां न्यू कटनी जंक्शन के ए-केबिन के पास डीरेल हुई हैं। कटनी की एआरटी टीम मौके पर काम कर रही है और जबलपुर से भी राहत टीम बुलाई गई है। रेलवे का प्रयास है कि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर प्रभावित ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कराया जाए। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

Share this story