कटनी स्टेशन पर डीआरआई की कार्रवाई, तीन किलो सोना जब्त; सागर के दो युवक हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
कटनी स्टेशन पर डीआरआई की कार्रवाई, तीन किलो सोना जब्त; सागर के दो युवक हिरासत में


कटनी, 01 अगस्त (हि.स.)। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने कटनी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए करीब तीन किलोग्राम सोने के साथ सागर निवासी दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों युवक कोलकाता से ट्रेन के माध्यम से सागर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी पहचान अभिषेक और आयुष के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार डीआरआई को पहले से गोपनीय सूचना मिली थी कि रेल मार्ग से बड़ी मात्रा में सोना लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने कटनी रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई। ट्रेन के पहुंचने पर संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब तीन किलोग्राम सोना बरामद होने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

बताया जा रहा है कि डीआरआई अधिकारियों ने बरामद सोने से संबंधित खरीद-बिक्री के बिल, कर संबंधी दस्तावेज तथा अन्य वैध अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद सोने को जब्त कर दोनों युवकों को आगे की पूछताछ के लिए जबलपुर ले जाया गया।

डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोना किसके लिए लाया जा रहा था, इसकी खरीद किस माध्यम से की गई और क्या इसके पीछे किसी संगठित तस्करी गिरोह का नेटवर्क सक्रिय है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का भी खुलासा हो सकता है, हालांकि, मामले में डीआरआई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

Share this story