कटनी : बीना-अगासौद यार्ड रीमॉडलिंग से रेल यातायात प्रभावित, मुड़वारा में उमड़ा यात्रियों का हुजूम

WhatsApp Channel Join Now
कटनी : बीना-अगासौद यार्ड रीमॉडलिंग से रेल यातायात प्रभावित, मुड़वारा में उमड़ा यात्रियों का हुजूम


कटनी, 29 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत बीना और अगासौद रेलवे स्टेशनों पर तीसरी रेल लाइन को जोड़ने तथा रेलवे के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है और कई गाड़ियों को रीशेड्यूल कर चलाया जा रहा है।

ट्रेनों के निरस्तीकरण और समय में अचानक हुए बदलाव का असर कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर भी दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पर पहुंच रहे हैं। दैनिक यात्रियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों की परेशानी मेमू ट्रेनों के रद्द होने से और बढ़ गई है। इसके चलते स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की संख्या क्षमता से अधिक पहुंच गई और पूरे स्टेशन परिसर में भीड़ की स्थिति बनी रही।

ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति दिखाई दी। कई यात्री सिर पर गठरी और अन्य सामान लेकर बोगियों में जगह बनाने की कोशिश करते नजर आए। यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कटनी मुड़वारा स्टेशन पर लगातार बढ़ रहे यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया। कटनी मुड़वारा और मालखेड़ी के बीच विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। इसके चलने से स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ का दबाव कुछ कम हुआ है और पहले के मुकाबले स्थिति में आंशिक सुधार आया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार बीना और अगासौद यार्ड में चल रहा रीमॉडलिंग कार्य रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने और ट्रेनों के संचालन को अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के लिए आवश्यक है। तीसरी रेल लाइन को जोड़ने और आधारभूत ढांचे के विस्तार से जुड़े इस कार्य के चलते रेल यातायात में किए गए बदलाव अक्टूबर के मध्य तक जारी रहने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

Share this story