कटनी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, मंदिर जा रहे युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कटनी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, मंदिर जा रहे युवक की मौत


कटनी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के टहकारी गांव में मंगलवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टहकारी मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, बाकल थाना क्षेत्र के सिहुड़ी गांव निवासी सुरेश लोधी (44) अपनी बेटी प्रिया लोधी के साथ इमलाज मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान टहकारी मोड़ के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सुरेश की बेटी प्रिया लोधी के अलावा दूसरी बाइक पर सवार राजेश बर्मन, उनकी पत्नी विमला बर्मन और 11 वर्षीय बेटा प्रियांशु बर्मन सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रीठी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। रीठी थाना प्रभारी शाहिद खान के मुताबिक, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story