सागर में जर्जर मकान का छप्पर गिरा, मलबे में दबी युवती को पिता ने सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
सागर में जर्जर मकान का छप्पर गिरा, मलबे में दबी युवती को पिता ने सुरक्षित निकाला


सागर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश जिले के कर्रापुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-12 (गोरा) में बुधवार तड़के एक जर्जर कच्चे मकान का छप्पर अचानक गिर गया। हादसे में कमरे में सो रही 21 वर्षीय युवती मलबे में दब गई। पिता और परिजनों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-12 निवासी लाखन सिंह ठाकुर का परिवार मंगलवार रात अपने कच्चे मकान में सो रहा था। बुधवार तड़के अचानक मकान की छत और छप्पर भरभराकर गिर गया। हादसे के समय उनकी 21 वर्षीय बेटी कमरे में सो रही थी, जो मलबे के नीचे दब गई। युवती की चीख सुनकर लाखन सिंह और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बिना देर किए मलबा हटाना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में युवती के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के लिए उसे निकट के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित मकान लंबे समय से जर्जर अवस्था में था।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए कई बार नगर परिषद में आवेदन किया, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका। इसी कारण परिवार को जर्जर मकान में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक नगर परिषद या स्थानीय प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story