करीला धाम और चंदेरी को विश्व पटल पर पहचान दिलाएगी दिल्ली से रेल कनेक्टिविटी: एएसपी कंवर
अशोकनगर, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन इन संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राजधानी दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी बेहद आवश्यक है। यह बात जिले से स्थानांतरित हुए निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) गजेंद्र सिंह कंवर ने जिला पत्रकार संघ द्वारा आयोजित विदाई समारोह में कही।
आज आयोजित समारोह में एएसपी कंवर ने कहा कि अशोकनगर भले ही भौगोलिक दृष्टि से छोटा जिला हो, लेकिन यहां के धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों और व्यापारिक संभावनाओं को देखते हुए इसका भविष्य काफी उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से सीधा रेल संपर्क स्थापित होने पर जिले को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
विदाई के दौरान भावुक नजर आए कंवर ने पत्रकारों के सहयोग और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय पत्रकारों ने हमेशा उन्हें क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और जनभावनाओं से अवगत कराया। मीडिया से मिले सुझावों और सूचनाओं ने पुलिस प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में जनसुनवाई और विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों में पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ।
क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कंवर ने कहा कि जिले में अधिकांश मामले पारिवारिक विवादों, घरेलू कलह और भूमि संबंधी विवादों से जुड़े होते हैं। पुलिस ऐसे मामलों को आपसी समझौते और संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करती है, जिससे सामाजिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि जिले में संगठित और गंभीर अपराधों की घटनाएं अपेक्षाकृत कम हैं।
अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध धार्मिक स्थल करीला धाम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए। श्रद्धालुओं और वीआईपी आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां स्थायी हेलीपैड का निर्माण कराया गया। इसके अलावा ऐतिहासिक नगरी चंदेरी में भी पर्यटन और विकास से जुड़े कार्यों को गति मिली है।
कंवर ने कहा कि करीला धाम और चंदेरी जैसे महत्वपूर्ण स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने तथा जिले के व्यापारिक विकास को नई दिशा देने के लिए दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समारोह में जिला पत्रकार संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एएसपी कंवर के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

