राजगढ़ःकामिका एकादशी पर फूलों से सजा बाबा का दरबार,निशान यात्राओं में उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःकामिका एकादशी पर फूलों से सजा बाबा का दरबार,निशान यात्राओं में उमड़ा आस्था का सैलाब


राजगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में कामिका एकादशी के अवसर पर रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री खाटू श्याम मंदिर में मंगला आरती के साथ दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा।

मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्ग में ‘जय श्री श्याम’ के जयघोष से गूंजते रहे। एकादशी के अवसर पर बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। उज्जैन से मंगवाए गए करीब 51 किलो ताजे फूलों से बाबा का दरबार सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और विद्युत सज्जा से मंदिर की भव्यता देखते ही बनी।

दिनभर विशेष पूजन, भजन-कीर्तन और महाआरती के आयोजन हुए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ आसपास के गांवों से भी निशान यात्राएं मंदिर पहुंचीं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते बाबा के दरबार पहुंचे और निशान अर्पित किए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की। श्रद्धालु ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे लगाते नजर आए।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति, पुलिस, प्रशासन, नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाएं संभालीं। दर्शन के लिए कतार व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारु रखने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी एवं स्वयंसेवक तैनात रहे। कामिका एकादशी पर बाबा खाटू श्याम के दरबार में उमड़ी भीड़ के चलते पूरा ब्यावरा दिनभर श्याम भक्ति में डूबा रहा। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story