राजगढ़ः कामदा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, पुलिस बल तैनात
राजगढ़, 29 मार्च (हि.स.)। कामदा एकादशी के पावन अवसर पर ब्यावरा हाइवे स्थित खाटू श्याम मंदिर में रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह मंगला आरती के साथ ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लग गईं और पूरा वातावरण “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज उठा।
पर्व के लिए मंदिर प्रबंधन समिति ने विशेष तैयारियां की थी। बाबा श्याम का श्रंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे पुष्पों से किया गया। वहीं मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्पमालाओं और आकर्षक सजावट से सजाया गया। दिनभर भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और विशेष आरतियों का दौर चलता रहा। दोपहर आरती के दौरान मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। नगर के साथ-साथ आसपास के गांवों और दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त बाबा श्याम के दर्शन को पहुंचे।
कई गांवों और मोहल्लों से निकली निशान यात्राओं ने भी श्रद्धा के माहौल को और भव्य बना दिया। इनमें पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और यातायात का डायवर्जन कर व्यवस्थाएं सुचारू बनाई गई। नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था में सक्रिय सहयोग दिया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद वितरण की भी उत्तम व्यवस्था की गई। हिंदू धर्म में कामदा एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है। नववर्ष की पहली एकादशी होने से इसका महत्व और बढ़ जाता है। मान्यता है कि इस दिन व्रत-पूजा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा यह जनसैलाब भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

