राजगढ़ः कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत सप्ताह का शुभारंभ, भक्तिरस में डूबा कड़ियाहाट गांव

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत सप्ताह का शुभारंभ, भक्तिरस में डूबा कड़ियाहाट गांव


राजगढ़, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा समीपस्थ कड़ियाहाट गांव शनिवार को पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंग गया, जब भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ हुआ।

धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के माहौल में निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं के जत्थे और भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों से पूरा गांव गुंजायमान हो उठा। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर कथा स्थल पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ कथा का विधिवत शुभारंभ किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

श्रीमद्भागवत कथा का वाचन बहादुरपुरा स्थित मां पीतांबरा सिद्ध पीठम के संत नीलेश महाराज द्वारा किया जा रहा है।आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन 30 मई से 6 जून तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, भक्तों के चरित्र और धर्म के संदेशों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा। कथा आयोजक मीना पटेल ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story