राजगढ़ः चार गांवों में गूंजे संत रविदास के जयकारे, कलश वंदन यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः चार गांवों में गूंजे संत रविदास के जयकारे, कलश वंदन यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत


राजगढ़, 09 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकाली जा रही जिला स्तरीय कलश वंदन यात्रा का बुधवार को ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चारपुरा, गादिया, आगर और मलावर में स्वागत किया गया।

प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने यात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए गांवों में पहुंची, जहां ग्रामीणों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि संत रविदास जी का पूरा जीवन मानवता, समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा। उनका संदेश समाज को आज भी सेवा, सदाचार और समानता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला अभियान है।मंत्री पंवार ने कहा कि संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार द्वारा समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने की बात कही।

यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष विष्णु मालवीय, जिला महामंत्री ममता इंदौरिया, जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जसवंत गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। गांवों में यात्रा के पहुंचने पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story