कैलारस शक्कर कारखाने के मुद्दे पर विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
कैलारस शक्कर कारखाने के मुद्दे पर विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय


भाेपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन साेमवार काे जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने कैलारस शक्कर कारखाने से जुड़े प्रश्नों को लगातार निरस्त किए जाने के विरोध में विधानसभा परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को सदन में उठाने के उनके प्रयासों को लगातार रोका जा रहा है।

पंकज उपाध्याय ने कहा कि कैलारस शक्कर कारखाने से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने अब तक पाँच बार विधानसभा में प्रश्न लगाए हैं। इनमें दिसंबर 2025 के सत्र, मार्च-अप्रैल 2026 के सत्र, 17 फरवरी 2026 के प्रश्न क्रमांक-210 तथा 20 जुलाई 2026 के प्रश्न क्रमांक-260 सहित विभिन्न अवसरों पर प्रश्न प्रस्तुत किए गए, लेकिन सभी प्रश्न निरस्त कर दिए गए। उनका आरोप है कि विधानसभा अध्यक्ष और सचिवालय की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि प्रश्न किन आधारों पर अस्वीकार किए गए।

उन्होंने बताया कि सोमवार को भी विधानसभा के प्रमुख सचिव से प्रश्नों के निरस्तीकरण का कारण पूछा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनके अनुसार, जब तक प्रश्नों को निरस्त किए जाने का स्पष्ट कारण नहीं बताया जाएगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उपाध्याय ने कहा कि एक निर्वाचित विधायक के रूप में जनता के मुद्दों को विधानसभा में उठाना उनका संवैधानिक अधिकार है। यदि जनहित से जुड़े प्रश्नों को बिना स्पष्ट कारण निरस्त किया जाता है, तो यह न केवल जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधानसभा की गरिमा के भी विपरीत है।

धरने के दौरान कांग्रेस विधायक दल के कई विधायक उनके समर्थन में पहुंचे। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि कैलारस शक्कर कारखाना लाखों किसानों और श्रमिकों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में शक्कर कारखानों से जुड़े मुद्दे वर्षों से लंबित हैं और ऐसे मामलों पर जनप्रतिनिधियों को सदन में प्रश्न पूछने का पूरा अधिकार होना चाहिए। जयवर्धन सिंह ने विधानसभा सचिवालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की लगातार अनदेखी की जाती रही, तो कांग्रेस विधायक दल इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story