बांधवगढ़ के कोर एरिया में फिर शुरू हुई जंगल सफारी, एक माह तक बुकिंग फुल

WhatsApp Channel Join Now
बांधवगढ़ के कोर एरिया में फिर शुरू हुई जंगल सफारी, एक माह तक बुकिंग फुल


बांधवगढ़ के कोर एरिया में फिर शुरू हुई जंगल सफारी, एक माह तक बुकिंग फुल


उमरिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में तीन महीने के इंतजार के बाद आज से जंगल सफारी शुरू हो गई। सुबह करीब छह बजे पर्यटकों ने ताला, मगधी और खितौली जोन में जंगल का भ्रमण किया। मानसून के कारण पिछले तीन महीने से कोर क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बंद थी।

सफारी शुरू होने से पहले पार्क प्रबंधन ने सेंटर प्वाइंट की सड़कों समेत पर्यटकों से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया था। इस बार सफारी की शुरुआत जंगली हाथियों के मूवमेंट के बीच हुई है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए गाइड और वाहन चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

गुरूवार कओ क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि सफारी के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जंगली हाथियों की मौजूदगी के बावजूद सफारी जारी रहेगी। हाथियों से बचाव और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गाइड एवं वाहन चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि नए पर्यटन सीजन के पहले एक महीने की सफारी की बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है।

पहले दिन सफारी पर पहुंचे पर्यटकों में भी खासा उत्साह नजर आया। पर्यटकों ने कहा कि बांधवगढ़ उनका पसंदीदा पार्क है। यहां बाघ समेत कई अन्य वन्यजीवों को देखने का अवसर मिलता है। पर्यटक चैतन्य ने कहा कि वह हमेशा बांधवगढ़ आते हैं और सभी लोगों को कम से कम एक बार यहां जरूर आना चाहिए।

कोर एरिया में सफारी शुरू होने से स्थानीय गाइड, वाहन संचालकों और पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों में भी रोजगार को लेकर उत्साह है। नए पर्यटन सीजन के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story