आगरमालवाः कलेक्टर को हटाने की मांग को लेकर पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः कलेक्टर को हटाने की मांग को लेकर पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा


आगरमालवा, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा को हटाने की मांग को लेकर जिले के पत्रकारों ने रविवार को जिले के प्रवास पर आये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पत्रकारों का कहना है कि प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद एवं समन्वय लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन कलेक्टर के व्यवहार को लेकर पत्रकारों में असंतोष की स्थिति निर्मित हुई है। इसी के चलते शनिवार को जिले के पत्रकारों ने एकजुट होकर कलेक्टर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया था और राज्य शासन से उन्हें आगरमालवा से हटाने की मांग की थी। शनिवार को जिले में पत्रकारों की बैठक के दौरान पारित निंदा प्रस्ताव के अगले ही दिन रविवार को पत्रकारों का दल मुख्यमंत्री से मिलने हेलीपड पर पहुंचा। मुख्यमंत्री के समक्ष पत्रकारों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी रखते हुए अपनी मांगों से अवगत कराया। पत्रकारों ने कहा कि उनकी नाराजगी किसी व्यक्तिगत विषय को लेकर नहीं, बल्कि पत्रकारों और प्रशासन के बीच बने असंतोषपूर्ण माहौल को लेकर है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story