जबलपुर : दो माह से वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, नगर निगम आयुक्त कार्यालय के सामने की नारेबाजी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : दो माह से वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, नगर निगम आयुक्त कार्यालय के सामने की नारेबाजी


जबलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दो माह से वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज नगर निगम के ठेका सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को संभाग क्रमांक-4 के अंतर्गत नगर निगम आयुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए बकाया वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन नहीं मिलने से उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं और नगर निगम प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी निर्धारित दिहाड़ी 300 रुपये है, लेकिन ठेकेदार 280 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान कर रहा है। इतना ही नहीं, पीएफ की राशि भी खाते में जमा नहीं कराई जा रही है। कर्मचारियों ने सुपरवाइजर पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया।

कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व ठेकेदार ने भी दो माह का वेतन बकाया रखा है। इस तरह लगातार भुगतान अटकने से उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। प्रदर्शन में दुर्गा राव, दीपा समुद्रे, लता, शोभा, सुनीता राठौर, सुरजीत और कोली राव सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों के मुताबिक, नगर निगम आयुक्त ने जल्द ही बकाया वेतन का भुगतान कराने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story