स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर देश में दूसरे स्थान पर, राष्ट्रपति ने प्रदान किया राष्ट्रीय सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर देश में दूसरे स्थान पर, राष्ट्रपति ने प्रदान किया राष्ट्रीय सम्मान


जबलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जबलपुर ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जबलपुर को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किया।

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, तत्कालीन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने यह सम्मान ग्रहण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस उपलब्धि पर महापौर और दोनों निगमायुक्तों को बधाई दी।

महापौर अन्नू ने कहा कि जब उन्होंने पदभार संभाला था, तब जबलपुर स्वच्छता सर्वेक्षण में 22वें स्थान पर था। नगर निगम की टीम, सफाई मित्रों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों से शहर 13वें, फिर पांचवें और अब दूसरे स्थान तक पहुंचा है। उन्होंने अगला लक्ष्य जबलपुर को देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने का बताया।

इस उपलब्धि में आधुनिक कचरा प्रबंधन, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, थ्री-आर सेंटर, नाइट स्वीपिंग और नियमित सफाई मॉनिटरिंग की अहम भूमिका रही। वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के जरिए जनवरी से मार्च 2026 के बीच करीब 3.5 लाख टन कचरे की प्रोसेसिंग की गई। वहीं, पुराने कचरे के ढेर हटाकर लगभग 17 एकड़ जमीन को कचरा मुक्त कराया गया।

नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध भी अभियान चलाया। महापौर ने इस राष्ट्रीय सम्मान को शहर के नागरिकों, सफाई मित्रों और निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम बताते हुए संस्कारधानी के लोगों को समर्पित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775535 Articles

Share this story