जबलपुर : प्रदूषण फैलाने और खुले में कचरा जलाने वालों पर होगी सख्त चालानी कार्रवाई - निगमायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : प्रदूषण फैलाने और खुले में कचरा जलाने वालों पर होगी सख्त चालानी कार्रवाई - निगमायुक्त


जबलपुर : प्रदूषण फैलाने और खुले में कचरा जलाने वालों पर होगी सख्त चालानी कार्रवाई - निगमायुक्त


जबलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। शहर की आबोहवा को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा एक समग्र एवं प्रभावी पहल की जा रही है। शीतकालीन मौसम के दौरान वायु गुणवत्ता को उत्कृष्ट स्तर पर बनाए रखने के लिए गुरुवार को निगमायुक्त अग्रिम कुमार द्वारा स्मार्ट सिटी कार्यालय में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी सर्दियों को ध्यान में रखते हुए 100 दिवसीय विशेष विंटर एक्शन प्लान तैयार कर उसे जमीनी स्तर पर मुस्तैदी से लागू करने के निर्देश दिए गए।

निगमायुक्त कुमार ने बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि शहर में पी.एम. 10 एवं पी.एम. 2.5 के स्तर को निर्धारित मानकों के भीतर बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शहर भर में वायु गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और प्रदूषण नियंत्रण गतिविधियों के स्पष्ट लक्ष्य तय कर दैनिक व साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी।

बैठक में उन्होंने बताया कि कार्ययोजना के अंतर्गत धूल प्रदूषण को रोकने के लिए प्रमुख मार्गों पर आधुनिक मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों का उपयोग और वाटर स्प्रिंकलर के जरिए नियमित जल छिड़काव किया जाएगा। इसके साथ ही सड़कों, फुटपाथों तथा निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराया जा रहा है, ताकि उड़ने वाली धूल से आम नागरिकों को राहत मिल सके।

शहर के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने एवं प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए निगमायुक्त ने फील्ड अमले को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सड़कों व फुटपाथों पर मलबा फेंकने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने और खुले में कचरा या अन्य अपशिष्ट जलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। फील्ड अधिकारियों को कार्रवाई के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।

वायु प्रदूषण के अन्य स्रोतों को नियंत्रित करने के क्रम में होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को लकड़ी व कोयले के तंदूर के स्थान पर एलपीजी या इलेक्ट्रिक तंदूर अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा और सतत निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं आरटीओ के समन्वय से वाहनों के पीयूसी प्रमाणपत्रों की सघन जांच की जाएगी तथा कृषि क्षेत्रों में नरवाई जलाने की घटनाओं पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इस 100 दिवसीय सघन अभियान के माध्यम से नगर निगम का लक्ष्य शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण और शुद्ध वायु उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story