घरों का पानी घर में, शहर का पानी शहर में जल संरक्षण के लिए मुहिम तेज
जबलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शहर के जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और भूजल स्तर को सुधारने के लिए नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिया है। इसी कड़ी में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शनिवार को महाराजपुर क्षेत्र का सघन भ्रमण कर ऐतिहासिक खुमानताल तालाब एवं स्थानीय मुक्तिधाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि नगर निगम का मुख्य लक्ष्य घरों का पानी घर में और शहर का पानी शहर में सहेजना है, ताकि वर्षा जल को संरक्षित किया जा सके ।
ऐतिहासिक खुमानताल की स्थिति का जायजा लेते हुए निगमायुक्त ने जल की शुद्धता और स्वच्छता को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों और बावलियों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है। निगमायुक्त द्वारा तालाब के चारों तरफ सफाई करने के निर्देश अधिकारियों दिए गए। उन्होनें कहा कि तालाब के किनारे नागरिकों के भ्रमण हेतु पाथ-वे का निर्माण किया जाएगा, क्षेत्र में उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कर इसे एक दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
महाराजपुर मुक्तिधाम के निरीक्षण के दौरान अहिरवार ने वहां आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार हेतु आने वाले परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मुक्तिधाम को पूर्ण रूप से व्यवस्थित करने निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

