जबलपुर : अग्नि एवं भवन सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर नगर निगम की कार्रवाई, पांच संस्थानों में की गई तालाबंदी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : अग्नि एवं भवन सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर नगर निगम की कार्रवाई, पांच संस्थानों में की गई तालाबंदी


जबलपुर, 25 जून (हि.स.)। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों एवं सार्वजनिक उपयोग वाले प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा और जन-सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम के विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने लेबर चौराहा क्षेत्र में स्थित कई संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगर निगम के अग्निशमन विभाग, भवन विभाग, अतिक्रमण शाखा एवं बाजार विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए इस निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, आपातकालीन निकासी मार्ग, आवागमन व्यवस्था, अतिक्रमण की स्थिति तथा लाइसेंस संबंधी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

निरीक्षण में कई संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक नियमों का पालन नहीं पाया गया। जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए करियर लॉन्चर, एम्प्लिक्लिक्स एकेडमी, करियर शेपर्स, रिवीलक्स रीक्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड कॉल सेंटर तथा मैथ्स बाय शर्मा सर संस्थान में तालाबंदी की कार्रवाई की।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित संस्थानों में पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लिया गया है। संस्थान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, लाइसेंस एवं अन्य वैधानिक मानकों से संबंधित सभी आवश्यक अनुपालन पूर्ण करें। साथ ही संबंधित विभागों से आवश्यक सत्यापन एवं अनुमति प्राप्त करने के बाद ही आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मानकों का पालन करना केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान अग्निशमन विभाग के अग्निशमन अधिकारी कुशाग्र ठाकुर, राजेन्द्र पटेल एवं उनकी टीम सहित नगर निगम के अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने संस्थानों की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश भी जारी किए।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जन-सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों, प्रशिक्षण केंद्रों, कॉल सेंटरों एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी। यदि किसी संस्थान में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story