जबलपुर : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त ने किया प्रचलित और प्रस्तावित विकास कार्यो का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त ने किया प्रचलित और प्रस्तावित विकास कार्यो का निरीक्षण


जबलपुर, 23 जून (हि.स.)। शहर के विकास कार्यों को और अधिक सुदृढ़ तथा गतिमान बनाने के उद्देश्य से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने मंगलवार को जबलपुर शहर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ शहर में चल रहे और आगामी समय के लिए प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।

आयुक्त भोंडवे ने मालवीय चैक, सुपर मार्केट और लॉर्डगंज जैसे घने और तंग गलियों वाले व्यावसायिक क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया, ताकि नागरिक सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने शहर के प्रमुख जल स्रोतों और पर्यावरण परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और कठौंदा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया।

इसके उपरांत माढ़ोताल तालाब और रानीताल मुक्तिधाम का उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डाॅं. अभिलाष पाण्डेय के साथ सघन दौरा किया और परियोजना पर विस्तारपूवर्क चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत योजना के तहत शहर में प्रगतिरत सीवर लाइनों और जलप्रदाय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जनता को निर्बाध और स्वच्छ पेयजल तथा बेहतर ड्रेनेज सिस्टम का लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story