जबलपुर: निगमायुक्त ने स्वच्छता टीम के साथ वार्डों के निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर: निगमायुक्त ने स्वच्छता टीम के साथ वार्डों के निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा


जबलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में निगमायुक्त अग्रिम कुमार सोमवार सुबह 7 बजे ही स्वच्छता टीम के साथ वार्डों के निरीक्षण पर पहुंचे। निगमायुक्त ने संभाग क्रमांक 3 रामपुर एवं संभाग क्रमांक 4 छोटी लाइन फाटक के अंतर्गत आने वाले वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाई मित्रों की उपस्थिति का मौके पर सत्यापन किया।

निगमायुक्त ने केवल उपस्थिति रजिस्टर तक सीमित न रहते हुए स्वयं कार्यस्थलों पर पहुंचकर सफाई मित्रों की मौजूदगी एवं उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक वार्ड में सभी 29 सफाई मित्र उपस्थित होकर अपने निर्धारित कार्यों में संलग्न मिले, जिस पर उन्होंने व्यवस्था को इसी तरह नियमित और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों, स्वच्छता निरीक्षकों एवं वार्ड सुपरवाइजरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे सुबह से ही फील्ड में उपस्थित रहकर सफाई मित्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। सबसे पहले मुख्य मार्गों की सफाई कराई जाए, इसके बाद निर्धारित बीट चार्ट के अनुसार कॉलोनियों, बस्तियों एवं अंदरूनी मार्गों में भी व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण सफाई कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में इसका प्रत्यक्ष प्रभाव दिखाई देना चाहिए। अधिकारी और सुपरवाइजर नियमित रूप से कार्यस्थलों पर पहुंचकर सफाई कार्यों की निगरानी करें और जहां भी कमी दिखाई दे, तत्काल सुधार कराएं।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सुबह की सफाई व्यवस्था के बाद भी दिन में दोपहर 2 बजे तक किसी भी वार्ड में औचक निरीक्षण किया जा सकता है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति सतर्क और जवाबदेह रहें तथा सफाई व्यवस्था में निरंतरता बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई सफाई व्यवस्था लागू होने के साथ ही उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सफाई सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने स्वास्थ्य अमले एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में लगे सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन वार्डों में जाकर कम से कम 10 नागरिकों से संवाद करें और सफाई व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि नागरिकों से सीधे संवाद करने से सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा तथा यदि कहीं कोई शिकायत या कमी है तो उसे तत्काल दूर किया जा सकेगा। नागरिकों की संतुष्टि और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान ही बेहतर नगर व्यवस्था का आधार है।

निगमायुक्त ने सफाई कार्य में लगे मानव संसाधनों के साथ मशीनरी संसाधनों के समुचित उपयोग पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सफाई मशीनों एवं वाहनों का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाए और किसी भी स्तर पर संसाधनों की उपलब्धता एवं उपयोग में लापरवाही न हो।

उन्होंने कहा कि नई सफाई व्यवस्था को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र एवं सुपरवाइजर समन्वय के साथ कार्य करें। प्रत्येक वार्ड में सफाई की गुणवत्ता बेहतर हो और नागरिकों को स्वच्छता का सकारात्मक अनुभव मिले, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story