शहर का विकास और जनसमस्याओं का समाधान होंगे नवागत निगमायुक्त की प्राथमिकता

WhatsApp Channel Join Now
शहर का विकास और जनसमस्याओं का समाधान होंगे नवागत निगमायुक्त की प्राथमिकता


जबलपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जबलपुर नगर निगम के नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने बुधवार सुबह कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। उन्होंने शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

पदभार संभालने के बाद निगमायुक्त ने अपनी कार्ययोजना स्पष्ट करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके लिए स्वच्छता सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों के अनुरूप कचरा संग्रहण, घर-घर से कचरा उठाने और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नागरिकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इनमें पेयजल आपूर्ति, सड़कों की सुगम व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना शामिल है।

अग्रिम कुमार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

निगमायुक्त के अनुसार, शहर का विकास और नागरिकों की संतुष्टि उनके कार्यकाल का प्रमुख उद्देश्य रहेगा। प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने और जनसमस्याओं के निराकरण पर जोर देकर नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764371 Articles

Share this story