जबलपुर : निगमायुक्त ने व्यापारियों और सफाई संरक्षकों से किया संवाद, लिया फीडबैक
जबलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रविवार अलसुबह से ही गौरीघाट से भ्रमण प्रारंभ कर छोटी लाइन, तीन पत्ती, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, हनुमानताल, घमापुर, खेरमाई, तुलाराम चौक, करमचंद चौक तथा खजांची चौक तक का दौरा किया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी और संबंधित क्षेत्रों के स्वास्थ्य अमला भी उपस्थित रहे।
विभिन्न क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करने के बाद निगमायुक्त ने शहर की वर्तमान स्वच्छता स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। सड़कों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर सफाई व्यवस्था देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सफाई अमले के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम की टीम का यह प्रयास सराहनीय है।
भ्रमण के दौरान निगमायुक्त ने स्थानीय व्यापारियों, आम नागरिकों और मैदानी सफाई संरक्षकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने सफाई के समय, कचरा उठाने और बुनियादी नगर निगम सेवाओं के संबंध में मौके पर ही फीडबैक प्राप्त किया। संवाद के दौरान उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की कि वे डस्टबिन का उपयोग करें और सड़कों पर कचरा न फेंकें।
निरीक्षण के दौरान अपने कर्तव्य के प्रति विशेष निष्ठा दिखाने वाले एक कर्मठ सफाई कर्मचारी को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्वयं पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित कर्मचारियों के कारण ही शहर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनी हुई है। इस कदम से मैदानी अमले का उत्साहवर्धन हुआ।
निगमायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्य बाज़ारों और चौराहों पर नियमित रूप से दो पालियों में कचरा उठान सुनिश्चित किया जाए। सभी मार्गों और चौराहों की स्ट्रीट लाइटों की नियमित जांच की जाए और बंद पड़ी लाइटों को तुरंत सुधारा जाए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त का फुहारा क्षेत्र की सफाई व्यवस्था उत्तम रखने के लिए पूर्व पार्षद एवं एम आई सी सदस्य मुकेश राठौर ने आत्मीय स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

